गरुड़ (बागेश्वर)। बारिश से कंधार रौल्याणा मोटर मार्ग की सुरक्षा दीवार हैगाड़ में चौथी बार ध्वस्त हो गई है। दीवार ध्वस्त होने से वाहन दुर्घटना का खतरा बना है। गोमती घाटी के ग्रामीणों ने लोनिवि से दीवार का शीघ्र पुनर्निर्माण करने की मांग की है।
गोमती घाटी के पंचायत प्रतिनिधियों ने डीएम को ज्ञापन भेज कहा कि लोनिवि ने हैगाड़ में सड़क की सुरक्षा दीवार का चार बार निर्माण कर दिया है। चौथी बार निर्माण के दौरान गोमती घाटी के ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने सुरक्षा दीवार की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे। लोनिवि और ठेेकेदार ने गुणवत्ता पर कतई ध्यान नहीं दिया।
बुधवार की रात हुई बारिश से दीवार पुन: ध्वस्त हो गई है। इससे वाहन दुर्घटना का खतरा बना है। पिंगलों, मैगड़ीस्टेट, थापल बजवाण, रौल्याना, भकुनधार, सिमसाल, रतिसेरा, मजकोट के ग्रामीणों ने ध्वस्त दीवार फिर से बनाने की मांग की है। विधायक चंदन दास ने लोनिवि से दीवार का शीघ्र निर्माण करने को कहा है।