हल्दूचौड़ (नैनीताल)। महावीर औद्योगिक संस्थान मोटाहल्दू स्थित पाल एलॉय एंड स्टील फैक्ट्री में हीट ट्रीटमेंट चैंबर के पास विद्युत शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे उठी चिंगारी ऑयल टैंक समेत प्लांट में रखे स्लैब कार्टन तक पहुंचने से विकराल हो गई। अग्निशमन विभाग की मदद से आग पर काबू पाया गया।
स्टील फैक्ट्री में हीट ट्रीटमेंट चैंबर के पास रविवार सुबह करीब 11:30 बजे यह घटना हुई। शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी फरनश ऑयल टैंक में लग गई। प्लांट में रखे स्लैब कार्टन तक पहुंची आग विकराल हो गई। इसे बुझाने के लिए 20 से अधिक मजदूरों ने फैक्ट्री में रखे अग्निशमन उपकरणों का प्रयोग किया लेकिन इससे आग नहीं बुझी तो हल्दूचौड़ पुलिस चौकी प्रभारी विमल मिश्रा समेत अग्निशमन दमकल को सूचना दी गई। अग्निशमन विभाग हल्द्वानी और सेंचुरी पेपर मिल लालकुआं की दमकलों की मदद से आग पर काबू पाया गया। तब तक प्लांट में लगी विद्युत मोटरें, दो सौ लीटर फरनस ऑयल, स्लैब कार्टन, क्रेन की मोटरें, हीट ट्रीटमेंट मोटरें, वायर केबल, लोहे गलाने की मोटरें जल चुकी थीं। लालकुआं के कोतवाल रवि कुमार सैनी ने बताया कि इंडेन गैस बॉटलिंग प्लांट नजदीक होने के कारण सभी को अलर्ट किया गया। वहीं फैक्ट्री लोकेश पाठक ने बताया कि घटना में कई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। क्षति का आकलन किया जा रहा है।