कालाढूंगी (नैनीताल)। बैलपड़ाव के पास शुक्रवार शाम मोटरसाइकिल दुर्घटना में युवा कुक की मौत हो गई। वह छोई गांव में रहने वाली अपनी बहन से मिलकर छोटी हल्द्वानी लौट रहा था।
सल्ट ब्लॉक जिला अल्मोड़ा के सांकर गांव मरचूला निवासी सोहन सिंह रावत (26) पुत्र नारायण सिंह सात वर्षों से कॉर्बेट ग्राम विकास समिति छोटी हल्द्वानी में कुक था। शुक्रवार को वह छोई में रहने वाली अपनी बहन से मिलने गया था, जहां से वह शाम को अपनी मोटरसाइकिल से लौट रहा था कि धरमपुर बैलपड़ाव के पास उसकी मोटरसाइकिल फिसल कर सड़क किनारे बने पैरापिट से टकरा गई। इस दौरान सड़क किनारे लगा रेडियम पोल उसके पेट में घुस गया जबकि उसने हेलमेट भी पहना था। राहगीरों ने उसको तुरंत पीएचसी बैलपड़ाव में भर्ती कराया। रात में हल्द्वानी ले जाने के बाद चिकित्सकों ने उसे बरेली रेफर कर दिया, जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई। शनिवार को मरचूला के घाट पर उसका अंतिम संस्कार किया गया। सोहन काफी मिलनसार था।
यदि समय रहते इलाज मिलता तो बच जाती जान
कालाढूंगी (नैनीताल)। यदि समय रहते दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल सोहन सिंह रावत को उचित इलाज मिल पाता तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के बाद बैलपड़ाव पुलिस चौकी से फोन पर सूचना मिलने के बाद वह घायल को हल्द्वानी ले गए लेकिन वहां कृष्णा अस्पताल, बृजलाल अस्पताल के स्टाफ ने उन्हें राममूर्ति अस्पताल बरेली ले जाने को कहा गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के चलते अस्पताल के नजदीक पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। कॉर्बेट समिति के अध्यक्ष राजकुमार पांडे, सचिव मोहन पांडे, इंद्र सिंह बिष्ट, धीरज छिम्वाल, रोहित बुढलाकोटी, अरनव कंबोज आदि ने दुख व्यक्त किया।