रामनगर में एमए योग की पढ़ाई कराओ
- फोटो : अमर उजाला
रामनगर (नैनीताल)। पीएनजीपीजी कॉलेज में एमए कक्षा में योग विषय शुरू करने की मांग को लेकर छात्रनेताओं ने बुधवार को दूसरे दिन भी अनशन किया। इस दौरान डॉक्टर ने अनशनकारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तो जितेंद्र रावत के शरीर में लोब्लडप्रेशर की समस्या मिली। डॉक्टर की संस्तुति पर कॉलेज पहुंची पुलिस ने रात आठ बजे जितेंद्र को अनशनस्थल से उठाकर अस्पताल भेज दिया। वहीं छात्र संघ सचिव कमल फुलारा, उपाध्यक्ष करन सिंह ने भी मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। इसमें मांग पूरी न होने पर छात्र संघ सचिव ने आत्मदाह तक की चेतावनी दी।
छात्रों के आंदोलन को लेकर महाविद्यालय में पुलिस बल तैनात रहा। बुधवार को छात्रों ने छात्र नेता जितेंद्र रावत के नेतृत्व में दिनभर नारेबाजी की। उन्होंने शासन-प्रशासन समेत कुमाऊं विश्वविद्यालय प्रशासन पर मांग की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांग शीघ्र पूरी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान हीरा भंडारी, हीरा सैनी, गौतम पांडे, साहिल नेगी, मनमोहन सिंह, राकेश शर्मा आदि कई छात्र मौजूद रहे।