नैनीताल। मानसून को देखते हुए डीएम विनोद कुमार सुमन ने भी सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों के अवकाश निरस्त कर दिए हैं। रविवार को भी कोई लोकसेवक मुख्यालय नहीं छोड़ पाएगा। आपातकाल में डीएम से अनुमति लेने के बाद ही अधिकारी, कर्मचारी छुट्टी पर जा सकेंगे। अब सभी को 24 घंटे फोन पर उपलब्ध रहना होगा। इससे पहले कमिश्नर भी छुट्टियां रद्द करने का आदेश दे चुके हैं।
डीएम ने अधिकारियों को सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए। कहा कि आपदा किसी को बताकर नहीं आती। इसकी तैयारी हमेशा रहनी चाहिए, ताकि आपदा के समय उससे निपटा जा सके। डीएम ने कहा कि जल्द ही आपदा की मॉक ड्रिल की जाएगी। इसलिए सभी अधिकारी इंसिडेंट रिस्पोंस सिस्टम (आईआरएस) के तहत कार्य करेंगे। सौंपी गई जिम्मेदारी को सभी बखूबी निभाएंगे। इसके लिए सभी अधिकारी सौंपे गये कार्यों का गहनता से अध्ययन करें, अपनी टीमों के साथ संवाद बनाएं। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी अधिकारी वाट्स एप ग्रुप से आपस में जुड़े हैं। इसलिए अधिकारी समय-समय पर अपने मोबाइल में वाट्स एप ग्रुप अवश्य देखें, जानकारियां लें। उन्होंने बताया कि आपदा से निपटने के लिए जिले में 46 हेलीपैड चिह्नित किए गए हैं। बैठक में एडीएम बीएल फिरमाल, डीएफओ बीजू लाल टीआर, सीएमओ डॉ. भारती राणा, डीडीओ रमा गोस्वामी, सीई लोनिवि सीएस नेगी, डीएस कुटियाल, एआरटीओ गुरदेव सिंह, डीपीआरओ एपी सिंह, एसीएमओ डॉ. बलबीर सिंह, सीईओ केके गुप्ता, ईई जल संस्थान सुनील तिवारी, अर्थ एवं संख्याधिकारी एलएम जोशी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शैलेश कुमार आदि थे।