लालकुआं (नैनीताल) छोटा हाथी वाहन की टक्कर से गौला रोड रेलवे क्रॉसिंग का विभागीय बैरियर टूट कर गिर गया। इसके चलते आधे घंटे से अधिक समय तक गौला रोड पर यातायात ठप रहा। रेलवे ने घटना का कारण बने छोटा हाथी को जब्त कर लिया है। बैरियर टूटने की यह एक महीने में चौथी घटना है।
लालकुआं से आगराफोर्ट जाने वाली रेलगाड़ी का इंजन मंगलवार शाम शंटिंग कर रहा था। इसी दौरान जैसे ही गेटमैन धीरज कुमार ने बैरियर बंद किया तो वहां से गुजर रहे छोटा हाथी यूके 04 सीए- 4481 का हिस्सा बैरियर से टकरा गया, जिसके चलते रेलवे बैरियर टूटकर गिर गया। इसलिए रेल कर्मियों ने छोटा हाथी चालक को दबोच कर रेलवे पुलिस बल को सूचना कर दी। आधे घंटे की मशक्कत के बाद बैरियर को दुरुस्त किया गया। तभी गौला रोड का यातायात सामान्य हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि रेलवे बैरियर छोटी गाड़ी की हल्की सी टक्कर से टूट रहा है। इसका खामियाजा स्थानीय वाहन स्वामियों को भुगतना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि इलेक्ट्रॉनिक बैरियर लगते ही टूटने लगे हैं। लोगों ने व्यवस्था को दुरुस्त कर मजबूत बैरियर लगाने की मांग की है।