गरुड़ (बागेश्वर)। डीएम के सख्त निर्देश के बाद ऊर्जा निगम ने सुदूरवर्ती गांव सेलकोना (गढ़खेत) का बीस दिन पूर्व फुंका बिजली का ट्रांसफॉर्मर बदल दिया है। अब गांव में बिजली की आपूर्ति सुचारु हो गई है।
गढ़खेत के प्रधान भुवन चंद्र ने बताया कि गढ़खेत के सेलकोना तोक में बीस दिन पूर्व बिजली का ट्रांसफॉर्मर फुंक गया था जिसे बदलने के संबंध में कई बार ऊर्जा निगम के ईई भाष्करानंद पांडे, जेई से कहा। विभाग द्वारा ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से नहीं लेने पर डीएम रंजना राजगुरु से शिकायत की। डीएम ने ग्रामीणों की जायज समस्या को गंभीरता से नहीं लेने पर ऊर्जा निगम के ईई को जमकर फटकार लगाई। डीएम की फटकार के बाद विभाग ने सेलकोना में फूंका ट्रांसफॉर्मर बदला।