कार्यक्रम में लोक गीत गाते गायक कलाकार।
- फोटो : अमर उजाला
नैनीताल। सरोवर नगरी में सोमवार से सांस्कृतिक संध्या का आगाज हो गया। जिला प्रशासन की ओर से नैनीताल में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। शुभारंभ मंडलायुक्त राजीव रौतेला ने किया। आयोजन 25 जून तक चलेगा जिसमें रोजाना कलाकारों की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश की जाएंगी।
डीएसए मैदान में आयोजित स्टार नाइट में लोक गायक खुशी जोशी और गोविंद दिगारी गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी। कमिश्नर ने कहा कि ऐसे आयोजनों से पर्यटन के साथ ही उत्तराखंड की संस्कृति को देश विदेश में बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में लोक गायिका खुशी जोशी ने बेड़ू पाको बारौं मासा.., घम घमा घम हुड़की बाजि.., छोरा मोहना.., चंदना मेरो पहाड़ आए.., हस्ता हुआ नुरानी चेहरा.., क्योंकि तुम ही हो.. और लोक गायक गोविंद दिगारी ने पल-पल दिल के पास.., हाल क्या है दिलों का.., ऐ मेरे दिल के चैन.., सोचेंगे तुम्हें प्यार करके नहीं.., चैतोली आदि गीतों की प्रस्तुति दी।
इस मौके पर आईजी कुमाऊं पूरन सिंह रावत, डीएम वीके सुमन, एसएसपी जन्मेजय खंडूरी, एडीएम हरबीर सिंह, एसडीएम अभिषेक रूहेला, सीईओ छावनी परिषद अभिषेक राठौर, एएसपी हरीश चंद्र सती, सीओ विजय थापा, भाजपा नगर अध्यक्ष मनोज जोशी, आलोक साह आदि मौजूद रहे।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नैनीताल में सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत