नैनीताल। आयुक्त कुमाऊं राजीव रौतेला ने बुधवार को मंडलीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कुमाऊं स्वास्थ्य निदेशक को आदेश देते हुए कहा कि अस्पतालों के लिए नए उपकरणों की खरीद करें। सभी अस्पतालों में मरीजों को मुफ्त दवाएं उपलब्ध कराई जाएं और कोई भी चिकित्सक अस्पताल से बाहर की दवा न लिखे।
वन विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि निष्क्रिय वन पंचायतों को आर्थिक रूप से संपन्न बनाने के लिए वन पंचायतों में नए सिरे से निर्वाचन कराकर उन्हें सक्रिय किया जाए। उन्होंने जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन से कहा कि पानी के बचाव को लेकर स्थानीय होटल एसोसिएशन, विद्यालयों, तथा स्वयंसेवी संगठनों के माध्यम से जन जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने हल्द्वानी में खराब नलकूपों को शीघ्र ठीक कराते हुये पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये।
आयुक्त ने मुख्य वन संरक्षक कुमाऊं डॉ. कपिल जोशी को निर्देश दिए कि वे वन उपजों के अवैध दोहन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाएं। बैठक में जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन, डा. नीरज खैरवाल, डा. अहमद इकबाल, ईवा आशीष श्रीवास्तव, रंजना राजगुरु, संभागीय खाद्य नियंत्रक ललित मोहन रयाल, अपर निदेशक प्रशिक्षण आरडी पालीवाल, अपर आयुक्त संजय खेतवाल, मुख्य विकास अधिकारी प्रकाश चंद्र, मयूर दीक्षित, वंदना सिंह, आलोक पांडे, एसएस बिष्ट, श्याम सुंदर सिंह पांगती आदि उपस्थित थे।
आयुक्त ने ली मंडलीय अधिकारियों की बैैठक