नैनीताल। पंडित गोबिंद बल्लभ पंत चिड़ियाघर का क्षेत्र विस्तार होगा। चिड़ियाघर से सटी एक हेक्टेयर से अधिक नजूल भूमि चिड़ियाघर को देने की प्रक्रिया कमिश्नर के स्तर से शुरू होगी। कुमाऊं कमिश्नर राजीव रौतेला ने शुक्रवार को जू के निरीक्षण के दौरान यह घोषणा की। कमिश्नर ने यहां पहुंचे कई पर्यटकों से बातचीत कर जानकारी ली और वन विभाग के मंडलीय अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश जारी किए।
मंडलायुक्त रौतेला ने बताया कि नैनीताल के पर्यटन में जू का महत्वपूर्ण स्थान है। जू इस समय बेहतर स्थिति में है और इसे ज्यादा बेहतर बनाने की जरूरत है। इसके लिए उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों के साथ शुक्रवार को बैठक की। बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मंडल में नए पर्यटन स्थलों का प्रदर्शन करने का प्रयास करें। पंडित गोबिंद बल्लभ पंत चिड़ियाघर के स्नो लैपर्ड लाने का प्रयास को कमिश्नर ने अच्छा बताया। उन्होंने कहा कि इस समय जू का एरिया चार हेक्टेयर है। जू को फैलने के लिए और जगह चाहिए। हम प्रयास कर रहे हैं कि जू को एक हेक्टेयर जगह और दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन जू को जमीन दिलवाने का पूरा प्रयास करेगा। अगर कोई तकनीकी बाधा नहीं होगी तो जू को जमीन दिलवा दी जाएगी। नैनीताल में विदेशी पर्यटकों की संख्या कुछ खास न होने पर कमिश्नर ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नए पर्यटन स्थलों का प्रदर्शन वेबसाइट आदि पर किया जाए। ताकि विदेशी पर्यटक कुमाऊं की ओर आकर्षित हों। इस दौरान मुख्य वन संरक्षक कुमाऊं डॉ. कपिल जोशी, डीएफओ धर्म सिंह मीणा, सीएस सनवाल, विनय भार्गव समेत मंडल के तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण को पहुंचे कमिश्नर ने एक हेक्टेयर जमीन और दिलवाने की घोषणा की
मंडलीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की
मंडलायुक्त ने जू पहुंचे पर्यटकों से बातचीत की
- विकास को ली जा सकती है वन भूमि
मंडल में कई जगह विकास के लिए भी वन विभाग की जमीन न मिल पाने के सवाल पर कमिश्नर ने कहा कि विकास के लिए वन भूमि ली जा सकती है, लेकिन इसके लिए प्रोटोकॉल है। प्रोटोकॉल का पालन करते हुए वन विभाग की जमीन ली जा सकती है। अगर भविष्य में जरूरत पड़ती है तो प्रोटोकॉल का पालन करते हुए वन विभाग की जमीन ली जा सकती है।
- कमिश्नर के सामने अंडे से बच्चा निकला
कमिश्नर राजीव रौतेला ने चिड़ियाघर का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके सामने एक पक्षी के अंडे से बच्चा निकला। उन्होंने ब्रीडिंग कक्ष और अस्पताल समेत चिड़ियाघर के कई भागों का निरीक्षण किया। कमिश्नर ने बाघ को पकड़ने के तरीके पर बनी वन विभाग की फिल्म भी देखी।