प्राथमिक स्कूल का निरीक्षण करते बीएसए
नैनीताल। शिक्षा विभाग में प्राथमिक से लेकर माध्यमिक स्तर पर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए हर विद्यालयों में माह के अंतिम हफ्ते सोमवार, मंगलवार को मासिक नियमित यूनिट टेस्ट होंगे। कुमाऊं मंडल के अपर निदेशक प्रारंभिक, माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। विद्यालयों में नियमित औचक निरीक्षण का कार्यक्रम जारी रहेगा।
एडी डॉ. सती ने कहा विद्यालयों में शैक्षिक स्तर में सुधार के लिए विभागीय अधिकारियों को शासन की ओर से दिए गए निर्देशों के क्रम निर्देश जारी कर दिए हैं। कहा कि इसके लिए जिले में सीईओ, डीईओ प्रारंभिक, माध्यमिक समेत ब्लॉकों में खंड शिक्षा तक उप शिक्षा अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी कर दिए हैं। माह के अंतिम शनिवार को पैरेंट्स टीचर मीटिंग (पीटीएम) आयोजित की जाए, जिसमें अभिभावक, शिक्षक अपने बच्चों के मासिक परीक्षाफल, शैक्षिक अभिवृद्धि आदि के बारे में चर्चा करेंगे। डॉ. सती ने कहा कि छात्रों को उपयोगी कॅरिअर के चयन, कॅरिअर की संभावना के बारे में जानकारी देने के लिए बालसखा पोर्टल व्यवस्था शुरू कर दी है। कक्षा 11वीं, 12वीं के विद्यार्थियों को बाल सखा पोर्टल में दी गई जानकारी के अनुरूप अपना कॅरिअर चुनने के लिए जरूरी जानकारी मिल सकेगी। कहा कि शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के लिए विभागीय अधिकारी किसी भी प्रकार से लापरवाही न बरतें।