सितारगंज। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत क्षेत्र के 22 लोगों को भूमि विनियमितीकरण के पट्टे आवंटित करेंगे। मंगलवार को शक्तिफार्म के टैगोरनगर मैदान में होने वाली सीएम की जनसभा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
रविवार को एसडीएम विनोद कुमार ने पुलिस और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ टैगोरनगर मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने मातहतों को मंच तैयार करने में किसी भी तरह की कोताही न बरतने के निर्देश दिए। बताया कि शक्तिफार्म के राजकीय इंटर कालेज में हैलीपेड का निर्माण किया जा रहा है। यहां से मुख्यमंत्री रावत कार से टैगोरनगर गांव स्थित दुर्गा मंदिर परिसर पहुंचेंगे।
यहां जनसभा को संबोधित करने के बाद सीएम रावत द्वारा वर्ग एक ‘ख’ वर्ग चार, आठ और 20 के 22 पट्टेदारों को भूमिधरी के पट्टे दिए जाएंगे। बताया कि मुख्यमंत्री रावत की जनसभा का समय अभी निर्धारित नहीं हुआ है। शासन से शाम तीन से चार बजे तक कार्यक्रम होने की जानकारी मिली है। इसके आधार पर तैयारियां की जा रही हैं। वहां कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय, लोनिवि के सहायक अभियंता अमूल्य वालिया आदि थे।
राज्य आंदोलनकारी मंच की बैठक : सीएम से मिलेगा शिष्टमंडल
खटीमा। लोनिवि के विश्राम ग्रह में रविवार को उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच की बैठक हुई। मंच के अध्यक्ष कुशल सिंह कन्याल और प्रदेश सचिव शंकर भाटिया ने कहा कि शहीद स्मारक निर्माण के लिए एक शिष्टमंडल सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत से मिलेगा। वहां गोविंद चड्ढा, किशोरी देवी, विमला मुंडेला, हरीश मथेला, रीता जोशी, जानकी पांडे, डा. बीएस मटियाली, महेश राणा, गंगोत्री देवी, बसंती देवी, मोहन जोशी आदि थे।