नैनीताल। जिला योजना को लेकर शुक्रवार को डीएम वीके सुमन ने विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों से कहा कि सभी योजनाओं को लाभ ग्रामीणों को मिलना चाहिए। सीडीओ ने बताया कि इस बार जिला योजना में भीड़ापानी को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने वरिष्ठ मत्स्य निरीक्षक शिखा आर्या को निर्देश दिए कि जनपद में मत्स्य उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं लेकिन जिले में 160 तालाब होने के बाद भी मत्स्य उत्पादन शून्य है। इसके लिए इस वित्तीय वर्ष में नई कार्ययोजना के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष के सापेक्ष इस वर्ष लगभग 10 करोड़ के बजट की कमी की गई है। कहा कि किसानों के साथ ही जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, नलकूप आदि निर्माण का प्रस्ताव मनरेगा में सीडीओ को प्रस्तुत करें। सीडीओ प्रकाश चंद्र से कहा कि वे ऐसे विभागों की समीक्षा करें जो निर्माण कार्यों के लिए जिला योजना से राशि की मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिला योजना के माध्यम से हल्द्वानी स्टेडियम, भीमताल में जिम भी स्थापित किए जाएंगे। बैठक में डीडीओ रमा गोस्वामी, पीडी बालकृष्ण, ईई नलकूप डीसी सनवाल, संजय कुशवाहा, सीईओ कमलेश कुमार गुप्ता, ईई विद्युत एसएस उस्मान, सहायक निदेशक डेरी डीएस बिष्ट, डीपीओ अंजना गुप्ता, डीईओ प्रियंका गड़िया, डीवाईडब्ल्यूओ दीप्ति जोशी, डीएसडब्ल्यूओ आरएस सामंत, सीएमओ डॉ. भारती राणा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ललित मोहन जोशी, अपर जिला अर्थ संख्याधिकारी नफील अहमद आदि थे।