नैनीताल। शिक्षा महकमे में प्रारंभिक से लेकर माध्यमिक विद्यालयों में सघन निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए 11 शिक्षकों के विरुद्ध मंगलवार को विभागीय कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए गए हैं। अपर निदेशक प्रारंभिक, माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती ने बताया कि 23 अप्रैल को औचक निरीक्षण में नौ शिक्षक प्राथमिक, दो शिक्षक माध्यमिक शिक्षा में अनुपस्थित पाए गए थे।
उन्होंने कहा कि बिना अवकाश स्वीकृति के विद्यालय से अनुपस्थित शिक्षकों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस भेजने के लिए सीईओ, डीईओ प्रारंभिक शिक्षा नैनीताल, अल्मोड़ा, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर को निर्देशित कर दिया गया है। कहा कि शिक्षाधिकारियों से की गई कार्रवाई आख्या तत्काल भेजने के लिए अवगत कराया गया है। डॉ. सती ने कहा कि औचक निरीक्षण में अनुपस्थित पाए गए अध्यापकों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की आख्या आयुक्त कुमाऊं मंडल को भेज दी गई है। कहा कि माध्यमिक शिक्षा में सोनी पंत, दयाल सिंह कुमल्टा, प्रारंभिक शिक्षा के विशन राम आर्य, हरीश चंद्र पाठक, ललिता पोखरियाल, मनोज आर्या, शालिनी पांडे, गीता वर्मा, हिमांशु साह, खैलेंद्र चौहान, भूपेश कुमार के विरुद्ध कार्रवाई की जानी है।