खटीमा में फुट हिल डेयरी के पास जल संस्थान की पेयजल पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से कई इलाकों की जलापूर्ति शनिवार शाम से बाधित है। जेई हरद्वारी लाल ने बताया कि एक व्यक्ति के जेसीबी मशीन से खुदाई के दौरान पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई जबकि दूसरी घटना में एनएच की खुदाई में लाइन क्षतिग्रस्त हुई है। उन्होंने बताया कि लगभग ढाई हजार उपभोक्ता इससे प्रभावित हैं। जेई ने बताया कि मंगलवार तक व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाएगी।
बता दें कि डेयरी के पीछे किसी व्यक्ति ने मकान बनाते समय जेसीबी का प्रयोग किया। इससे यहां पर तीन जगह पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। दूसरी जगह लोहियापुल के पास पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई । जेई ने बताया कि लगभग ढाई हजार उपभोक्ताओं को सुजिया से आने वाली लाइन का पानी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि लोहियापुल की पाइप लाइन जोड़ दी गई है।
लेकिन डेयरी के पीछे अभी लाइन जोड़ी जानी है। जेई ने बताया कि मंगलवार तक पेयजल व्यवस्था सुचारु कर दी जाएगी। लाइन टूटने से हिल व्यू कालोनी, सैनिक कॉलोनी, उदय कालोनी, आदर्श कालोनी आदि में पेयजल व्यवस्था ठप है। भीषण गर्मी में पानी की किल्लत से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।