पंतनगर। बड़ी मार्केट और टा कॉलोनी स्थित दो सरकारी आवास खाली कराने पहुंची पंतनगर विश्वविद्यालय अधिकारियों की टीम को विरोध के बीच बैरंग लौटना पड़ा। मौके पर पहुंचे विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बता दें कि विवि परिसर में देवेंद्र गुप्ता और रामदास गुप्ता को दो दुकानें और उनके साथ आवास आवंटित थे। विश्वविद्यालय प्रशासन दोनों दुकानों के लाइसेंस निरस्त कर उन्हें कब्जे में ले चुका है, लेकिन आवास पर अभी भी दोनों व्यापारियों के ही कब्जे हैं। व्यापारियों का तर्क है कि उनका प्रकरण अदालत में विचाराधीन है, जबकि विवि प्रशासन का तर्क है कि व्यापारी अदालत में मुकदमा हार चुके हैं।
मंगलवार को व्यापारियों के आवास खाली कराने पहुंचे अधिकारियों को देखकर व्यापारी आक्रोशित हो गए और धरने पर बैठ गए। सूचना पर विधायक शुक्ला भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने व्यापारियों के साथ खड़े होकर प्रशासनिक अधिकारियों को खरीखोटी सुनाई। विधायक ने कुलपति डॉ. एके मिश्रा से भी इस मामले में वार्ता की। कुलपति ने मामले में जल्द ही निर्णय लेने का आश्वासन दिया।
इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष अमन कुमार गाबा, महामंत्री दीपक देउपा, विक्रांत गुप्ता, धीरू कुमार, मनोज बत्रा, सचिन राठौर, लक्ष्मी यादव, आनंदपाल गुप्ता, रमेश, चमन गाबा, राजेश कुमारख् शेर सिंह, डीएन यादव, अभिमन्यु चौबे, विदेशी प्रसाद आदि थे।