रामनगर (नैनीताल)। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय जोगला कालसी और राजकीय सुरेंद्र राकेश आदर्श आवासीय विद्यालय मक्खनपुर भगवानपुर हरिद्वार की प्रवेश परीक्षा तिथि बदल दी गई है। उत्तराखंड बोर्ड की सचिव डॉ. नीता तिवारी ने बताया कि सत्र 2018-19 की कक्षा छह में प्रवेश के लिए परीक्षा तिथि 29 अप्रैल थी। अब यह परीक्षा छह मई को सुबह 10 से 12 बजे तक निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर होगी। परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र उनके पत्र व्यवहार के पते पर भेजे जा रहे हैं। परीक्षार्थियों के अनुक्रमांक एवं परीक्षा केंद्र की सूची परिषद की वेबसाइट www.ubse.uk.gov.in पर देखी जा सकती है।