कालाढूंगी (नैनीताल)। एक ओर सरकारी विद्यालयों में जहां बच्चों को पढ़ाने से अभिभावक कतरा रहे हैं, वही विकास खंड कोटाबाग के गांव पतलिया स्थित प्राइमरी स्कूल में सरकारी विद्यालयों के लिए नजीर बना है। बेहतर माहौल और विद्यालय स्टॉफ की कोशिश से स्कूल में लगातार छात्र संख्या बढ़ रही है। इस समय स्कूल में 154 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। वहीं अभिभावकों में विश्वास बनाए रखने के लिए अधिकारियों ने भी अपने बच्चों को एडमिशन इस स्कूल में कराया है।
शिक्षा विभाग से मॉडर्न स्कूल का दर्जा प्राप्त कर इस विद्यालय के लिए विगत वर्ष अभिभावकों और प्रधानाध्यापिका दीपा जोशी की ओर से आठ लाख की लागत से एक हॉल का निर्माण भी किया गया। इसके लिए प्रधानाध्यापिका की ओर से पांच लाख और ग्रामीणों के सहयोग से तीन लाख रुपये की धनराशि दी गई। विद्यालय में खेल परिसर न होने पर इस वर्ष अभिभावकों और ग्रामीणों ने डेढ़ लाख रुपये की लागत से आधा बीघा जमीन भी खरीदी, ताकि इस मैदान में बच्चे खेल सके।
प्राइमरी स्कूल के बेहतर माहौल और स्टाफ की कोशिश से बढ़ी छात्र संख्या
विश्वास बनाए रखने के लिए अधिकारियों ने भी अपने बच्चों का एडमिशन
प्री-प्राइमरी की क्लास में 40 बच्चे
विद्यालय प्रबंध समिति की ओर से इस प्राइमरी विद्यालय में प्री-प्राइमरी की क्लासें भी चलाई जा रही हैं, जिसमें चार वर्ष के बच्चों को प्राथमिक शिक्षा का ज्ञान दिया जाता है। इसमें वर्तमान में 40 बच्चे प्रतिदिन विद्यालय में आते हैं।
स्कूल में छात्र संख्या
2015 में 30 बच्चे
2016 में 89 बच्चे
2017 में 106 बच्चे
2018 में 152 बच्चे
विद्यालय के प्रति अभिभावकों का विश्वास को बनाए रखने के लिए बीआरसी समन्वयक अनुराग पलड़िया ने पिछले वर्ष अपने बेटे का दाखिला कक्षा चार में करवाया था, जो वर्तमान में कक्षा पांच में अध्ययनरत है। इसके साथ ही उप खंड शिक्षा अधिकारी अमित चंद ने भी अपने बेटे का दाखिला प्री-प्राइमरी की कक्षा में कराया है।