डीएम डॉ. नीरज खैरवाल ने बाजपुर के ग्राम नंदपुर नरका टोपा की निलंबित प्रधान कौशर जहां को बहाल कर दिया है। जांच पड़ताल के बाद इंडिया मार्का का हैंड पंप व्यक्तिगत रुप से लगाकर धनराशि का दुरुपयोग करने पर प्रधान को 49 हजार 500 रुपये बतौर दंड के रूप में ग्राम निधि के खाते में जमा करने का आदेश दिया है।
बता दें कि शिकायत के आधार पर प्रारंभिक जांच में प्रधान कौशर जहां को 15 फरवरी को निलंबित कर दिया था। उसके बाद डीएम की ओर से कई बिंदुओं पर जांच पड़ताल करने पर हैंड पंप में धनराशि का दुरुपयोग होना पाया। नौ अप्रैल को डीएम के पत्रांक संख्या 18 ग्राम सभा/ 18-19 को जारी आदेश में निलंबित प्रधान कौशर जहां को बहाल कर दिया है। प्रधान कौशर जहां को भविष्य के लिए कठोर चेतावनी दी गई है। बीडीओ डॉ. निर्मला जोशी ने बताया कि सोमवार को प्रधान को दोबारा कार्यभार सौंपा जाएगा।