नैनीताल। उच्चशिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मंगलवार को कुमाऊं विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन में कुलपति प्रो. दिनेश कुमार नौड़ियाल की मौजूदगी में विवि के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में डॉ. रावत ने कुविवि को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विवि के डीएसबी परिसर नैनीताल और एसएसजे परिसर अल्मोड़ा में स्मार्ट क्लासें बनाई जाएंगी।
डॉ. रावत ने विवि के प्रोफेसरों से दो टूक कहा कि यूजीसी के नियमों के मुताबिक पांच घंटे पढ़ाना जरूरी है। प्रोफेसर नेतागिरी कम कर पढ़ाई पर अधिक ध्यान दें। उन्होंने विवि के दोनों परिसरों के निदेशकों को निर्देश दिए कि 15 दिनों के भीतर बायोमैट्रिक मशीन लग जानी चाहिए। इसके बाद वे निरीक्षण करेंगे। इस दौरान कुविवि के लिए तैयार कराया गया मॉडर्न ढांचा भी उच्चशिक्षा मंत्री को दिखाया गया। बैठक में प्रभारी कुलसचिव बहादुर सिंह बिष्ट, वित्त नियंत्रक अनीता आर्या, डीएसबी परिसर के निदेशक प्रो. एलएम जोशी, अल्मोड़ा के निदेशक प्रो. एलएस पथनी, प्रो. बीआर कौशल, प्रो. अतुल जोशी, डॉ. महेंद्र राणा, प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट, विधान चौधरी आदि थे।
दीक्षांत समारोह की तैयारियां समय से पूरी करें
नैनीताल। बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर चर्चा की। उन्होंने कुलपति प्रो. दिनेश कुमार नौड़ियाल को निर्देशित किया कि वह 30 अप्रैल को होने वाले दीक्षांत समारोह की समय से तैयारियां पूरी कर लें। इस दौरान डीएसबी परिसर के निदेशक प्रो. एलएम जोशी ने की गई तैयारियों के बारे में बताया।
दीक्षांत समारोह में दिखेगी उत्तराखंड की संस्कृति की झलक
नैनीताल। 30 अप्रैल को होने वाले कुविवि के 14वें दीक्षांत समारोह में इस बार देवभूमि संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। बैठक में प्रो. महेंद्र राणा ने बताया कि विवि के दीक्षांत समारोह के लिए तीन प्रकार के परिधान बनाए गए हैं, जिसमें से डिग्री प्राप्त करने वाले छात्रों के लिए, मानद उपाधि प्राप्त करने वालों के लिए और मंच पर बैठने वालों के लिए परिधान अलग रहेगा। ब्रह्मकमल, मोनाल को दर्शाने के साथ कुमाऊं रेजीमेंट और गढ़वाल रायफल के प्रतीक चिन्ह को दर्शाया गया है। इसी के साथ कुमाऊं की लोक चित्रकला ऐपण को भी दर्शाया गया है। ब्यूरो
छात्रावासों का निरीक्षण करें वीसी और निदेशक
नैनीताल। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि विवि के परिसरों के छात्रावासों का कुलपति हर माह और निदेशक हफ्ते में एक दिन जरूर निरीक्षण करें। कहा कि छात्रों की समस्याओं का मौके पर निराकरण हो, इसकी कोशिश करें।
भीमताल परिसर को पूर्ण दर्जा दिया जाए
नैनीताल। कुविवि छात्र परिषद अध्यक्ष पुष्कर सिंह नैनवाल ने उच्चशिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि विवि के भीमताल परिसर को तकनीकी, व्यावसायिक परिसर के रूप में पूर्ण दर्जा दिया जाए, विवि में अंक पत्रों की छपाई के लिए प्रिंटिंग मशीन लगाने, कॉलेजों में विवि केंद्र खोला जाए। ब्यूरो