लालकुआं (नैनीताल)। बरसात में पानी भर जाने के कारण गौला नदी का गोरापड़ाव खनन निकासी गेट पर लगा कांटा खराब हो गया। इसके चलते गेट पूरी तरह से बंद रहा जबकि इंटरनेट की दिक्कत के चलते अन्य खनन गेटों में भी व्यवधान पड़ा।
पिछले दो दिन से बरसात के चलते मंगलवार को गौला नदी का गोरापड़ाव गेट में लगा कांटा खराब हो गया। इससे वाहनों की एंट्री नहीं हो सकी। गेट में पंजीकृत करीब 12 सौ वाहनों को बैरंग लौटना पड़ा। इंटरनेट में गड़बड़ी के चलते अन्य गेटों में ई रवन्ना निकलने में एक घंटे का व्यवधान पड़ा। इससे वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इधर लालकुआं निकासी गेट में इंटरनेट की कनेक्टिविटी केबल फटने से करीब पांच घंटे तक ई रवन्ना नहीं निकल सके। बाद में तकनीकी खामी दूर करने के उपरांत वाहनों का आवागमन सुचारु हो सका। डीएलएम खनन एनके वार्ष्णेय ने बताया कि लालकुआं में इंटरनेट की कनेक्टिविटी केबल फुंक गई थी। बारिश के चलते निकासी गेटों में लगे कांटों में पानी भर गया है। जिन्हें बुधवार को साफ किया जाएगा। बुधवार को साप्ताहिक अवकाश चलते निकासी गेट बंद रहेंगे।