गरुड़ (बागेश्वर)। मछियाबगड़-ग्वाल्दे सड़क के निर्माण कार्य में कुछ लोगों के व्यवधान डालने से आक्रोशित देवनाई घाटी के पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों का एक शिष्टमंडल डीएम से मिला। उन्होंने ग्वाल्दे-मोटर मार्ग का मिलान चौखुटिया मोटर मार्ग से करने की मांग की।
डीएम को सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा है कि मछियाबगड़ ग्वाल्दे मोटर मार्ग का निर्माण कार्य पूर्व में स्वीकृत सर्वे के तहत होने के साथ-साथ मानकों के अनुसार हुआ है। कहा कि कुछ लोग सड़क निर्माण कार्य में जानबूझ कर व्यवधान डाल रहे हैं। सड़क का एलायमेंट बदलने के लिए विभाग पर दबाव बना रहे हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि ग्रामीणों की मांग को प्रशासन गंभीरता से नहीं लेगा तो 15 अप्रैल से आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। शिष्टमंडल में क्षेत्र पंचायत सदस्य भरत राम, सुंदर गोस्वामी, राधा देवी, शंभू नाथ, दिनेश गिरी, सुनीता बोरा, मदन कांडपाल, नारायण राम आदि शामिल थे।