रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं भी सोमवार को समाप्त हो गईं जबकि हाइस्कूल की परीक्षाएं 24 मार्च को ही पूरी हो चुकी हैं। कॉपी जांचने से पूर्व मंगलवार को बोर्ड सभागार में मास्टर ट्रेनरों को मूल्यांकन की ट्रेनिंग दी जाएगी।
उत्तराखंड बोर्ड की सचिव डॉ. नीता तिवारी ने बताया कि अब बोर्ड ने कॉपी चेक करने के लिए तैयारी कर ली है। इसके लिए बोर्ड मुख्यालय के सभागार में मंगलवार से दो दिनी कार्यशाला होगी। इसमें सभी जिलों के सीईओ, उप नियंत्रक, पर्यवेक्षक, मास्टर ट्रेनरों को बुलाया गया है। प्रदेशभर के 30 मूल्यांकन केंद्रों में उत्तर पुस्तिका जांचने का कार्य एक अप्रैल से 15 अप्रैल तक होगा। मई अंतिम सप्ताह तक रिजल्ट आने की उम्मीद है। इस वर्ष बोर्ड परीक्षा के लिए प्रदेशभर में 1309 केंद्र बनाए गए थे। इंटरमीडिएट में 133417 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से करीब 121417 उपस्थित रहे, जबकि 12000 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं हाइस्कूल की परीक्षा में 149445 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 126962 परीक्षार्थी उपस्थित, 22483 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दोनों परीक्षाओं में छह-छह समेत कुल 12 परीक्षार्थी नकल करते पकड़े गए थे। परीक्षाएं शांतिपूर्ण रहने के लिए बोर्ड सचिव ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शासन, प्रशासन का आभार व्यक्त किया।