नैनीताल। अपर निदेशक प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती ने नियमों के विपरीत चल रहे सीबीएसई विद्यालयों की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा मंत्री के निर्देशों के अनुपालन में विभागीय अधिकारियों को इस संबंध में पत्र जारी कर दिया है। जांच की जाएगी कि कोई विद्यालय वन भूमि या कृषक भूमि पर तो संचालित नहीं है। इसके अलावा प्रत्येक विद्यालय में अनुसूचित जाति एवं जनजाति के मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए कम से कम 10 प्रतिशत नामांकन का अनुपालन किया जाना जरूरी है।
एडी डॉ. सती ने बताया कि प्रत्येक विद्यालय में शिक्षक और शिक्षणेतर कर्मचारियों को अवकाश, ग्रेच्युटी, पीएफ आदि का लाभ दिया जा रहा है या नहीं। साथ ही शिक्षक एवं शिक्षणेतर कार्मिकों को अनुमन्य वेतन और अन्य भत्तों से कम वेतनमान तो नहीं दिया जा रहा है, इसकी भी जांच पड़ताल की जाएगी। विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा के लिए क्या व्यवस्था की गई है। इसका भी अध्ययन किया जाना है।
एडी ने कहा कि विभागीय अधिकारियों से जांच के लिए भेजे गए पत्र में प्रत्येक बिंदु की जांच करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि अब विद्यालय प्रबंध समिति में परिवार का एक ही सदस्य होगा, एक से अधिक सदस्य मान्य नहीं होंगे।