नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय मुख्यालय में अनशन पर बैठे एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष अजय शर्मा और जिला महासचिव शार्दूल नेगी की तबियत बिगड़ गई। इसलिए उन्हें शुक्रवार शाम बीडी पांडेय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एक घंटे तक भर्ती रहने के बाद अजय शर्मा दोबारा अनशन पर बैठ गए, जबकि शार्दूल नेगी की जगह विक्रम भरारा अनशन पर बैठे।
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार दूसरे दिन भी कुविवि मुख्यालय में नारेबाजी की। वह प्राइवेट परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए ऑनलाइन फार्म जारी करने, बीएससी द्वितीय, तृतीय वर्ष के रसायन, भौतिक, गणित विषयों की परीक्षा तिथि बदलने की मांग कर रहे हैं। अजय ने बताया कि मांगें पूरी होने तक अनशन जारी रहेगा। अजय ने प्रदेश सह प्रभारी सनी मेहता पर आरोप लाया है कि वह इस आंदोलन को लेकर संगठन के प्रदेश पदाधिकारियों को गुमराह कर रहे हैं। इस आंदोलन के लिए पूरे संगठन में सहमति बनी थी लेकिन वह स्वयं किनारा कर गए। अब वह हल्द्वानी में अलग से आंदोलन चला रहे हैं। आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि कुविवि प्रशासन उनकी मांगों को बिल्कुल भी गंभीरता से नहीं ले रहा है। बताया कि 12, 13 मार्च को मामले को लेकर कुलपति से वार्ता भी हुई थी लेकिन उसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। शुक्रवार को अनशन के दौरान एनएसयूआई के निवर्तमान उपाध्यक्ष निखिल तिवारी, एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रतिनिधि गोविंद दशौनी, प्रतीक सेन भी मौजूद रहे।