नैनीताल। माध्यमिक शिक्षा कुमाऊं मंडल के तहत वृहस्पतिवार को 18 अतिथि शिक्षकों की काउंसलिंग हुई। इस माध्यम से उन्हें विद्यालयों का आवंटन किया गया है। इनमें से सर्वाधिक 14 शिक्षक पिथौरागढ़ जिले को मिले हैं। इसके लिए 25 आवेदकों को बुलाया गया था लेकिन पद खाली न होने से सात को तैनाती नहीं मिल सकी।
कुमाऊं मंडल के विभागीय एडी डॉ. मुकुल कुमार सती ने बताया कि वर्ष 2015-16 में कार्य कर चुके एलटी के 25 अतिथि शिक्षकों को वर्ष 2016-17 में तैनाती नहीं मिल सकी थी, ऐसे अतिथि शिक्षकों के आवेदन पत्र मंडलीय दफ्तर को मिले थे, जिनकी काउंसलिंग बृहस्पतिवार को की गई। उन्होंने बताया कि 18 अतिथि शिक्षकों को काउंसलिंग के बाद विद्यालय आवंटित कर संबंधित जिलों के सीईओ को उनकी नियुक्ति के आदेश भेजे गए हैं। जबकि शेष सात अतिथि शिक्षकों के पद खाली न होने के कारण उन्हें विद्यालय आवंटित नहीं हो पाए। डॉ. सती के मुताबिक पिथौरागढ़ जिले में सुरेश चंद्र सिंह, हेमंत सिंह, राजेश कुमार, मनोज पपनोई, भूपेंद्र भट्ट, कैलाश गिरी, अनिल कपूर, दिनेश जोशी, प्रकाश नेगी, नरेश राम, दर्शन कुमार, सुनीता, भूपाल सिंह, अशोक भोज की तैनाती की गई है। नैनीताल जिले में इंद्रलाल आर्य, राजेंद्र बिष्ट, महेश चंद्र जबकि ऊधमसिंह नगर जिले में रितिका वर्मा को तैनाती दी गई है। मंडलीय दफ्तर के प्रशासनिक अधिकारी पूरन सिंह बिष्ट, जगमोहन रौतेला, ललित उपाध्याय, उमेश चंद्र जोशी, आलोक जोशी, संजय रौतेला, गोपाल सिंह बिष्ट दिनभर काउंसलिंग में जुटे रहे। इसके चलते मंडलीय दफ्तर में काफी चहल-पहल रही।