नैनीताल। पुलिस महानिदेशक अनिल रतूड़ी ने पुलिस कर्मियों को कानून के दायरे में रहकर काम करने की हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मी मनोबल ऊंचा रखें और एक प्रोफेशनल की तरह काम करें। उन्होंने हिस्ट्रीशीटरों के गायब होने की जांच कराने की बात भी कही। बृहस्पतिवार को नैनीताल पहुंचे डीजीपी अनिल रतूड़ी पुलिस लाइन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
रणवीर एनकाउंटर का जिक्र आने पर उन्होंने कहा कि पुलिस को कानून के दायरे में रहकर काम करना होगा ताकि गड़बड़ी न हो और ऐसी स्थिति दोबारा न बने। उन्होंने कहा कि कुछ मुकदमों के आरोपी कोर्ट से छूट जाते हैं, लेकिन पुलिस कर्मियों को इससे निराश होने की जरूरत नहीं है। जिले से हिस्ट्रीशीटरों के गायब होने पर कहा कि कुख्यात अपराधियों की निगरानी के लिए कानून बना है। इस कानून के पालन में कहां खामियां रह गईं, इसकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि कोर्ट के आदेश का पालन सभी पुलिस कर्मियों को करना चाहिए। डीजीपी सुबह लगभग आठ बजे नैनीताल पहुंचे और 11 बजे नवनियुक्त अधिकारियों की बैठक ली। दोपहर तीन बजे पुलिस लाइन में मंडल के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की।
पुलिस की छवि और चमकाएं
डीजीपी ने पुलिस लाइन में मंडल के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि पुलिस की छवि चमकाने का प्रयास जारी रखें। कोई भी ऐसा काम न करें, जिससे छवि खराब हो। उन्होंने कहा कि समय से विवेचनाएं निपटाएं और कोर्ट में मजबूती से पैरवी करें। थाने पर शिकायत लेकर आने वालों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाए।