सितारगंज में छह माह से लापता अब्दुल मोहिद (34) का पता लगाने की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर एसडीएम के प्रतिनिधि तहसीलदार शेर सिंह ग्वाल को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 20 दिन के भीतर मोहिद की बरामदगी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
परिजनों ने बताया कि बीती चार अगस्त की तड़के बरूआबाग गांव से अब्दुल मोहिद लापता हो गया था, जिसकी कोतवाली में प्राथमिकी भी दर्ज है। कहा कि तब से जांच के नाम पर सिर्फ इतिश्री की जा रही है। मोहिद कहां है और किस हाल में है? पुलिस आज तक पता नहीं लगा पाई है। अभी तक पुलिस ने चार अगस्त को उसके फार्म हाउस पर कार से आए लोगों की पहचान नहीं की। चेतावनी दी गई कि 15 फरवरी को सिसौना बाजार बंद कर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। 20 दिन के भीतर पुलिस मोहिद का पता नहीं लगा पाई तो ग्रामीणों के साथ उग्र आंदोलन होगा। इस दौरान वरिष्ठ समाज सेवी मोहन सनवाल, रईस अहमद लल्ला, पूर्व प्रधान कृष्ण चंद्र कंबोज, अनीसुर्रहमान, मुकेश सनवाल, अब्दुल रऊफ, ललित जोशी, आरिफ मलिक, अखलाक अहमद, अतुल कंबोज, श्याम लाल, दुर्गा प्रसाद, विजय प्रताप यादव, शमीम अहमद, जसवीर सिंह, तस्लीम अहमद, इस्तियाक अहमद, सहदेव सिंह, मो. शोएब, नाजिर अहमद, मो. तनजीम आदि थे।