नैनीताल। फिल्म मंच नैनीताल के बैनर तले बन रही फिल्म ‘लो मारे गए मंटो’ की शूटिंग आगामी आगामी सितंबर-अक्तूबर में यहां शुरू होगी। इस फिल्म पर चर्चा को लेकर सुप्रसिद्ध हास्य अभिनेता संजय मिश्रा सोमवार देर रात नैनीताल पहुंचे। मंगलवार सुबह निर्देशक इदरीश मलिक की इस पर चर्चा भी की। इसी दौरान उनके पास मुंबई से फोन आने पर वह लौट गए। फिल्म में बॉलीवुड के नामी कलाकारों और हास्य अभिनेताओं के साथ ही स्थानीय कलाकार भी काम करेंगे। नैनीताल क्लब के पास रहने वाले फिल्म निर्देशक इदरीश के जीवन का काफी समय मुंबई में बीता है। उन्होंने बताया कि फिल्म मंच नैनीताल के बैनर तले फिल्म की शूटिंग शुरू होगी। इसमें नसीरुद्दीन शाह, संजय मिश्रा, मनोज पाहवा, राजपाल यादव, विजय राज, वीरेंद्र सक्सेना समेत बॉलीवुड के तमाम हास्य कलाकारों के साथ स्थानीय कलाकार मिथिलेश पांडेय, नीरज साह, राजेश आर्या, मंजूर हुसैन और हरीश राणा को भी मौका दिया गया है। फिल्म की आधी शूटिंग मुंबई और आधी नैनीताल में होगी। लेखक सआदत हसन मंटो की कहानी पर आधारित इस फिल्म का बजट तीन से पांच करोड़ रुपये तक होगा। फिल्म पर चर्चा के लिए मिश्रा सोमवार रात करीब एक बजे यहां पहुंचे थे। रात को वह इदरीश के घर पर ही रुके। सुबह को उनके साथ फिल्म को लेकर चर्चा चल रही थी कि इसी बीच उनके पास मुंबई से किसी शूटिंग के संबंध में फोन आ गया और उन्हें जाना पड़ा। मंगलवार सुबह लगभग साढ़े दस बजे कार में वह नैनीताल से रवाना हो गए।
फिल्म पर चर्चा को लेकर नैनीताल पहुंचे अभिनेता संजय मिश्रा
फिल्म की आधी शूटिंग मुंबई और आधी नैनीताल में होगी
पिथौरागढ़ में है संजय मिश्रा की ससुराल
निर्देशक इदरीश मलिक ने बताया कि संजय मिश्रा की ससुराल पिथौरागढ़ जिले में है। वह पूजा के लिए कुछ समय पूर्व पिथौरागढ़ भी गए थे। वहां से लौटते समय फिल्म पर चर्चा करने के लिए उनके पास रुके थे, लेकिन इसी बीच फोन आने के कारण उन्हें जाना पड़ा। वह यहां दो दिन रुकना चाहते थे।