उत्तरांचल सांस्कृतिक विकास समिति की ओर से पर्वतीय रामलीला मंच सितारगंज से मां नंदा देवी के डोले की अगुवाई में नकुलिया चौराहे से मुख्य चौराहे तक शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा में छोलिया नृतकों के साथ लोग जमकर थिरके। रामलीला मैदान में विधायक सौरभ बहुगुणा ने उत्तरायणी कौतिक महोत्सव का शुभारंभ किया। इसके बाद लोक गायिका खुशी जोशी ने ‘...हाय तेरी रुमाला गुलाबी मुखड़ी’, और गोविंद दिगारी ने ‘...पहाड़ छुटी गो’ आदि गाकर खूब तालियां बटोरी। पिथौरागढ़ के कैलाश कुमार, हल्द्वानी के महेंद्र भैसोड़ा ने भी प्रस्तुति दी। समिति के अध्यक्ष गोपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि आज रविवार को संस्कार कला केंद्र अल्मोड़ा के कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे। साथ ही मशहूर लोक गायिका दीपा पांडे, गायक अमित गोस्वामी लोक गीतों की प्रस्तुति देंगे। अध्यक्षता योगेंद्र रावत और संचालन हेमंत बोरा ने किया। वहां पालिकाध्यक्ष कांता प्रसाद सागर, राकेश गुप्ता, शिवकुमार मित्तल, राजेंद्र बिष्ट, एलडी भट्ट, फकीर सिंह कन्याल, दलीप सिंह धामी आदि थे।
चप्पे-चप्पे पर रही पुलिस फोर्स तैनात
सितारगंज। बीते दिनों नगर कीर्तन के दौरान शहर में खूनी संघर्ष के बाद पुलिस ने उत्तरायणी कौतिक महोत्सव पर निकली शोभा यात्रा में विशेष सतर्कता बरती। कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय ने कोतवाली में मातहतों की ब्रीफिंग की और फिर शहर के सभी चौराहों, कार्यक्रम स्थल पर पुलिस बल तैनात रहा। कोतवाल उपाध्याय ने बताया कि दरोगा और पुलिस कर्मियों को जिम्मेदारी दी गई हैं। महोत्सव के दौरान किसी भी तरह की अराजकता नहीं होने दी जाएगी।