गरुड़ (बागेश्वर)। बैजनाथ में मकर संक्रांति दिन भगवान शिव और मां पार्वती की भव्य आराधना होगी। बैजनाथ उत्तरायणी मेला कमेटी ने बैजनाथ धाम के पास गोमती नदी में अस्थायी स्नानागारों की व्यवस्था की है। मकर संक्रांति के दिन बैजनाथ धाम में माघी खिचड़ी का भंडारा होगा।
मेला कमेटी के अध्यक्ष नवीन ममगई ने बताया कि महिलाओं के स्नान करने के लिए पहली बार मेला कमेटी ने स्थानीय जनता के सहयोग से बैजनाथ धाम के पास गोमती नदी में अस्थायी स्नानागारों की व्यवस्था की है। 14 जनवरी को मंदिर परिसर में माघी खिचड़ी का भंडारा होगा।
खिचड़ी का पूरा खर्चा गोपाल सिंह नेगी बंधु भकुनखोला ने वहन करने का निर्णय लिया है। मंदिर के महंत पूरन गिरी गोस्वामी के अलावा मेला कमेटी के उपाध्यक्ष प्रेम सिंह नेगी, भकुनखोला के प्रधान दयाल गिरी गोस्वामी, तैलीहाट की प्रधान कमला देवी ने माघी खिचड़ी का प्रसाद लेने अधिक से अधिक से अधिक संख्या में बैजनाथ पहुंचने की अपील की है।
इधर, थानाध्यक्ष बैजनाथ मदन लाल ने उत्तरायणी पर्व के मद्देनजर बैजनाथ धाम में शांती व्यवस्था बनाने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। उधर, अलग-अलग गांवों के लोगों ने अपने-अपने गांव के शिव मंदिरों में शनिवार को सफाई की। मकर संक्रांति पर्व के दिन प्रकटेश्वर, चकवृतेश्वर, पिंगलेश्वर, कमलेश्वर, दिव्येश्वरी मंदिर में जलाभिषेक होगा।