हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में ‘पहले आओ, पहले दाखिला पाओ’ प्रवेश प्रक्रिया के पहले दिन स्नातक प्रथम सेमेस्टर में दाखिला लेने के लिए छात्र-छात्राओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सोमवार को बीए, बीकॉम और बीएससी में 600 से अधिक दाखिले हुए। बीए में केवल 74 सीटें शेष बचीं हैं, 14 अगस्त को पहले आने वाले विद्यार्थियों को दाखिला देने के उपरांत बीए में प्रवेश बंद कर दिए जाएंगे।
सभी प्रवेश काउंटरों पर विद्यार्थियों की भीड़ लगी थी। सुबह दस बजे शुरू हुई प्रवेश प्रक्रिया अपराह्न तीन बजे बाद तक जारी रही। बीए प्रवेश समिति के संयोजक डा. हेमंत कुमार शुक्ला के अनुसार बीए प्रथम सेमेस्टर में 1792 सीटों में से 1718 सीटों पर दाखिले हो गए हैं, अब केवल 74 सीटें बाकी हैं। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को पहले आने वाले 74 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा, इसके उपरांत किसी विद्यार्थी का बीए में प्रवेश नहीं हो सकेगा। प्रभारी प्राचार्य डा. रेखा पांडे ने बताया कि बीएससी पीसीएम ग्रुप में 638 और बीएससी बायो ग्रुप में 466 तथा बीकॉम में 640 दाखिले हो चुके हैं। इसी तरह पीजी कक्षाओं में एमए में 715 और एमकॉम में 70 दाखिले हुए हैं।