हल्द्वानी। कुछ दिनों पहले नगर निगम की ब्रांड एंबेसडर बनी फुटपाथ पर रहने वाली लक्ष्मी का स्कूल जाने का सपना सच हो गया है। लक्ष्मी को शहर के प्रतिष्ठित स्कूल सेंट पॉल में बृहस्पतिवार को दाखिला हो गया है। अब वह सोमवार से नियमित स्कूल जाएगी।
बृहस्पतिवार सुबह जब अमर उजाला के संवाददाता लक्ष्मी से मिलने फुटपाथ पर पहुंचे तो स्कूल जाने की उमंग उसके चेहरे पर साफ झलक रही थी। उसके पिता ने लक्ष्मी को नहलाकर तैयार किया। इसी दौरान हरिशरणम जन के संस्थापक राम गोविंद दास भाई जी बच्ची को स्कूल में दाखिला दिलाने के लिए वहां पहुंच गए। बेटी को नई दिशा मिलने पर लक्ष्मी की मां के खुशी से आंसू छलक रहे थे। अमर उजाला में खबर छपने के बाद भाई जी ने लक्ष्मी की पढ़ाई की जिम्मेदारी ली है। लक्ष्मी को लेकर वह सेंट पॉल स्कूल पहुंचे। वहां प्रधानाचार्य रैवरिन जीवन पॉल से लक्ष्मी का परिचय कराया। उसने काफी उत्साह से जवाब दिया कि ‘हां’ उसे पढ़ना है। भाई जी ने खुद को अभिभावक बताते हुए लक्ष्मी को स्कूल में दाखिला दिलाया। इस दौरान प्रधानाचार्य रैवरिन जीवन पॉल, प्रबंधक जेए रॉल्सटन, प्रशासनिक अधिकारी नरेंद्र साह, अकादमी निदेशक जरीना रॉल्सटन ने बच्ची का फूल माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद जब लक्ष्मी को वापस उसके माता पिता के पास छोड़ कर आए तो वह खुशी से अपनी मां के गले लग गई।