रानीखेत (अल्मोड़ा)। पर्यटन नगरी को साफ रखने के लिए छावनी परिषद ने लोगों से जागरूक होने की अपील की है। मुख्य अधिशासी अधिकारी ज्योति कपूर ने सभासदों और नागरिकों की बैठक लेकर सहयोग मांगा। सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए नागरिकों ने भी तमाम सुझाव रखे। उधर, एमईएस कार्यालय में दुर्ग अभियंता मेजर मंजिंदर सिंह के नेतृत्व में सफाई अभियान चलाया गया।
मालूम हो कि स्वच्छता को लेकर इन दिनों छावनी परिषद ने नगर में स्वच्छता पखवाड़े का आयोजन किया है। इसी क्रम में पूरे नगर क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया जा रहा है। कैंट विद्यालयों के बच्चे रैली निकालकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। मुख्य अधिशासी अधिकारी ने कहा कि नगर को स्वच्छ बनाने में सभी के सहयोग की आवश्यकता है। नागरिकों ने कहा कि शहर में कई स्थानों पर गंदगी पटी रहती है, इन स्थानों पर नियमित सफाई की जरूरत है। कहा कि कूड़ेदानों की सफाई नितांत जरूरी है। इसके लिए छावनी परिषद को ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
कहा कि कूड़ेदानों के पास लोग वाहनों को पार्क कर देते हैं, इसके लिए पुलिस प्रशासन की मदद लेने की मांग उठी। बैठक में सभासद संजय पंत, उमेश पाठक, आनंद अग्रवाल, सौकत अली, सोनू सिद्धिकी सहित तमाम लोग मौजूद थे। उधर, एमईएस में सफाई अभियान चलाया गया। इस मौके पर सहायक दुर्ग अभियंता टीएन मुरली, मुरली मनोहर साठे, राजीव मनोचा, देवेंद्र कुमार, हेमदान, प्रेम पाल सिंह आदि मौजूद थे। संचालन अभियंता राजेश कमल ने किया।