गरुड़ (बागेश्वर)। दुदिला-अमोली मोटर मार्ग निर्माण के लिए विस्फोट और अवैध खनन करते पाए जाने पर एसडीएम गरुड़ सुंदर सिंह ने सड़क निर्माण कंपनी पर साढ़े बारह लाख का जुर्माना लगाया है।
प्रांतीय खंड लोनिवि बागेश्वर ने नौ किमी लंबी दुदिला-अमोली मोटर मार्ग के निर्माण के लिए कुछ माह पूर्व निविदाएं आमंत्रित की थीं। इसका टेंडर एनफा पेसिटक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी दिल्ली के नाम पर हुआ था। मोटर मार्ग के निर्माण में कंपनी की ओर से किए जा रहे विस्फोट और अवैध खनन करने की ग्रामीण लगातार शिकायत कर रहे थे। मंगलवार को एसडीएम सुंदर सिंह, तहसीलदार दयाल चंद्र और खान अधिकारी रवि नेगी ने निरीक्षण के दौरान कंपनी को ब्लास्टिंग और अवैध खनन करते पाया। खान अधिकारी और राजस्व विभाग की रिपोर्ट पर एसडीएम ने सड़क निर्माण कंपनी के निदेशक सुभाष सोम निवासी पटेल नगर देहरादून पर साढ़े बारह लाख का जुर्माना लगाते हुए डीएम को रिपोर्ट भेज दी है।