हल्द्वानी/लालकुआं (नैनीताल)। पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के महाप्रबंधक राजीव अग्रवाल शुक्रवार को लालकुआं, हल्द्वानी, काठगोदाम स्टेशन पहुंचे। उन्होंने रेलवे जंक्शन लालकुआं के विस्तारीकरण का निरीक्षण किया। कहा कि रेलवे ने उत्तराखंड में पर्यटन को ध्यान में रखते हुए रेल संसाधनों को और अधिक बेहतर बनाने का निर्णय लिया है, जिसके बाद ही लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इस दौरान जीएम ने निर्माण के दौरान हो रही देरी, खामियों को गंभीरता से लेते हुए अधीनस्थों को कार्य प्रणाली सुधारने के निर्देश दिए।
महाप्रबंधक एनई रेलवे राजीव अग्रवाल जीएम स्पेशल ट्रेन से पहुंचे। उन्होंने रेलवे जंक्शन का बारीकी से निरीक्षण किया, स्टेशन स्थित रनिंग रूम का निरीक्षण के बाद शिकायत पंजिका की जांच करने पर उन्होंने पाया कि टीटी और चालकों को रनिंग रूम में दिए जा रहे खानपान की व्यवस्था बेहतर नहीं है, उन्होंने नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों की फटकार लगाते हुए अविलंब व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जीएम अग्रवाल ने पुराने रनिंग रूम, प्लेटफार्म, निर्माणाधीन प्लेटफार्म, बुकिंग कार्यालय, माल गोदाम, विस्तारीकरण क्षेत्र का निरीक्षण कर मॉडल रेलवे स्टेशन की जानकारी ली। मंडल रेल अधिकारियों की बैठक कर संरक्षा, निर्माण के दौरान गुणवत्ता को लेकर चर्चा की। साथ ही यात्रियों को मिलने वाली रेल सुविधाओं पर फोकस रखने का निर्णय लिया गया। जंक्शन से लंबी दूरी की ट्रेनों के संबंध में जीएम अग्रवाल ने कहा कि पहले संसाधनों को व्यवस्थित करने के बाद ही संचालन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक निखिल पांडे, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर नवीन कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी सीएल शाह, मंडल संरक्षा अधिकारी राजाराम मीणा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नीतू, वरिष्ठ यातायात प्रबंधक मोहन राम, स्टेशन अधीक्षक नीरज कुमार आदि थे।