नैनीताल। बीडी पांडे राजकीय जिला अस्पताल में सीटी स्कैन, एमआरआई लग नहीं सकी, अब विदेश में बनी डिजिटल एक्सरे मशीन भी खराब हो गई है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल प्रबंधन अब साधारण मशीन से ही काम चला रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने 97.29 लाख रुपये में क्यूरा कंपनी की डीआरवाई पीआरओ 793 मॉडल की डिजिटल एक्सरे मशीन खरीदी थी। यह मशीन नौ दिसंबर 2008 से काम कर रही थी। वर्ष 2013 से उसकी सर्विसिंग भी नहीं हो पाई। मशीन की फिल्म 2016 में ही खराब हो गई थी। इसकी फिल्म न मिलने के कारण नया प्रिंटर खरीदना पड़ा। इस बीच 11 दिसंबर से फिर डिजिटल एक्सरे मशीन खराब हो गई। अस्पताल के वरिष्ठ रेडियोलॉजिस्ट डॉ. आरके वर्मा बताते हैं कि इसका वार्षिक रखरखाव भी नहीं हो पा रहा है। मशीन खराबी की सूचना अस्पताल प्रबंधन को दे दी गई है। फिलहाल 60 एमए वाली दूसरी साधारण एक्सरे मशीन से केवल सीना, हाथ, पैर के ही एक्सरे हो सकते हैं, अन्य के नहीं।
- मामला मेरे संज्ञान में है। इस मशीन को ठीक करने के लिए क्यूरा कंपनी को पत्राचार किया गया है। संभावना है कि जल्द ही मशीन ठीक हो जाएगी। यह मशीन जल्द ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है ताकि मरीजों को परेशानी न हो।
- डॉ. तारा आर्या
पीएमएस, बीडी पांडे राजकीय जिला अस्पताल नैनीताल।