बाजपुर। नगर क्षेत्र में अस्पतालों का जैव चिकित्सीय कचरा अन्य कचरे के साथ ही खुलेआम फेंका जा रहा है। नगर पालिका के पास ट्रंचिंग ग्राउंड की कोई व्यवस्था नहीं है।
नगर पालिका के सफाई कर्मचारी प्रतिदिन अस्पतालों सहित अन्य जगहों से कूड़ा उठाकर एक साथ हल्द्वानी स्टेट हाइवे स्थित दीन दयाल उपाध्याय पार्क के पीछे खुले में फेंक देते हैं। इससे पहले पार्क परिसर और दोराहा रोड किनारे भी कूड़ा डाला गया था। कूड़ा निस्तारण की पालिका के पास कोई व्यवस्था नहीं है। अस्पतालों से निकलने वाला जैव चिकित्सीय कचरा भी पालिका के कूड़े स्थल तक पहुंच रहा है।
पिछले महीने पालिका प्रशासन की ओर से बरहैनी गांव के समीप जंगल की भूमि पर ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए जगह का चयन कर प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया। जिस पर पुन: बरहैनी से दो किमी दूरी पर जंगल में वन भूमि पर ट्रंचिग ग्राउंड का प्रस्ताव फिर से भेजा गया है। इधर नगर पालिका अध्यक्ष जसबीर कौर ने बताया कि बाजपुर शहर से 12 किमी दूरी पर वन भूमि पर ट्रंचिग ग्राउंड बनाने का प्रस्ताव भेजा है।
जैविक और अन्य कूड़ा अलग अलग एकत्र करने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। तीन चार दिन घर घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था शुरू हो जाएगी। ट्रंचिंग ग्राउंड बन जाने से कूड़ा निस्तारण की समस्या भी हल हो जाएगी।