कालाढूंगी (नैनीताल)। कालाढूंगी-हल्द्वानी मार्ग पर चलने वाले वाहन चालकों को सावधान रहने की जरूरत है। इस मार्ग पर थोड़ी सी लापरवाही किसी की भी जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। दरअसल कालाढूंगी से भाखड़ा के बीच यह सड़क तीन स्थानों पर जमीन दरकने से खोखली हो चुकी है। इसके चलते यह कभी भी दुर्घटना का सबब बन सकती है।
कालाढूंगी से भाखड़ा तक की दूरी 14 किमी है। इस रास्ते को निहाल नदी के पानी से खतरा बना है। नदी के पानी से सड़क तीन जगह पर टूट चुकी है। कालाढूंगी से आगे हनुमान मंदिर के पास मुख्य सड़क पर बनी पुलिया खोखली हो चुकी है। पुलिया से गुजरने वाले बड़े वाहन कभी भी दुर्घटनाग्रस्त हो सकते हैं। वन निगम डिपो के पास भी सड़क का एक हिस्सा दरक चुका है। निहाल नदी से आने वाले पानी से 30 मीटर लंबी सड़क जर्जर हो चुकी है। सड़क पर तीसरा खतरा विदरामपुर और प्रतापपुर के पास बना है। यहां सड़क का 40 मीटर का किनारा बह चुका है। इन तीनों स्थानों पर दुर्घटना की आशंका है।
उक्त स्थानों पर सड़क की मरम्मत के लिए आगणन दो महीने पहले आपदा मद में भेजा गया है। इसे अभी मंजूरी नहीं मिली है। मंजूरी मिलते ही मरम्मत का काम शुरू करा दिया जाएगा।
- टीसी पांडे, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग।