नानकमत्ता। बंदी छोड़ दिवस पर लगने वाले मेले के छठे दिन अब थरुवाटी मेला शुरू हो गया है। स्थानीय सिख संगत के अलावा सितारगंज, खटीमा, गदरपुर बाजपुर आदि क्षेत्रों से थारु समाज के युवा, बुजुर्ग मेले में पहुंच रहे हैं। नानकमत्ता साहिब में 13 दिवसीय दीपावली मेले में सोमवार को श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इसके अलावा थरुवाटी मेले का भी आगाज हो गया है।
गुरुद्वारा साहिब पहुंचे श्रद्धालुओं ने श्री हरमिंदर साहिब के दरबार में हाजिरी दी और फिर पंजा साहिब के दर्शन कर प्रसाद, लंगर खाया। गुरुद्वारा साहिब के सेवादारों के साथ ही मेला कोतवाली पुलिस सीसी टीवी कैमरों के माध्यम से मेले पर निगरानी रखे हुए है। मेले में लगे लोहा बाजार तथा मीना बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। लोहा बाजार से घरेलू और कृषि उपयोग के यन्त्रों की खरीदारी की गई। ब्यूरो