गरुड़ (बागेश्वर)। प्राथमिक और जूनियर हाइस्कूलों की तीन दिवसीय ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हुई। इस दौरान विभिन्न खेलों में भावना बोरा, ईशा बिष्ट, भरत कबडोला, अर्जुन जाटव आदि ने बाजी मारी।
मिनी स्टेडियम पुरुड़ा में तीन दिवसीय ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताएं राष्ट्रगान के साथ शुरू हुईं। 400 मीटर दौड़ में सनराइज पब्लिक स्कूल घांघली के भरत कबडोला ने प्रथम, लंबी कूद में प्राथमिक विद्यालय नौघर के अर्जुन जाटव, 400 मीटर दौड़ बालिका वर्ग में भावना बोरा, लोकनृत्य में दिव्य ज्योति पब्लिक स्कूल गागरीगोल और प्राथमिक छटिया की टीम अव्वल रही।
50 मीटर बालिका वर्ग दौड़ में ईशा बिष्ट सनराइज पब्लिक स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इससे पूर्व शुभारंभ विधायक चंदन दास ने किया। कहा कि खेल दिनचर्या का एक अंग है। उन्होंने खेल में अव्वल बच्चों से खेल को करियर बनाकर आगे बढ़ने को कहा। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य शिव सिंह बिष्ट ने अभिभावकों से खेल में अव्वल बच्चों को खेलकूद में आगे बढ़ने के लिए हर संभव मदद करने को कहा।
उन्होंने खेलकूद आयोजन के लिए 7000 हजार रुपये खेल आयोजन समिति को दिए। प्रतियोगिताओं के निर्णायक डीएल वर्मा, दलीप भाकुनी, नवीन मिश्रा, डीएन वर्मा, दलीप अल्मिया, चंपा कोरंगा, नीता अल्मिया, सुरेंद्र वर्मा, महेश पंत, विनोद मेहरा आदि रहे। वहां डीईओ आकाश सारस्वत, बीईओ जीसी कुनियाल, समन्वयक उमेश जोशी, क्षेत्र पंचायत सदस्य नंदन सजवाण आदि थे।