नैनीताल। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने सातवें वेतनमान के एरियर एवं भत्तों समेत वेतन विसंगतियों का निराकरण नहीं होने पर रोष जताया है। कहा है कि अब मांगों को लेकर 11 सितंबर से चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा, जिसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
परिषद के अध्यक्ष बहादुर सिंह बिष्ट और महामंत्री जगमोहन रौतेला ने कहा कि परिषद के प्रांतीय नेतृत्व ने देहरादून में बैठक कर लंबित मांगों का निराकरण नहीं किए जाने पर चरणबद्ध आंदोलन के बारे में शासन को भी अवगत करा दिया है। कहा कि अभी तक वेतन विसंगतियों का निराकरण नहीं हो पाया है जबकि कई विभागों की सेवा नियमावली का प्राख्यापन नहीं किया गया है। परिषद ने कहा कि सरकार से किसी भी विभाग के एकीकरण किए जाने से पूर्व कर्मचारी संगठनों को विश्वास में लिए जाने की मांग की गई है।
कहा कि 11 सितंबर से हर दफ्तरों के समक्ष गेट मीटिंग होगी जो 24 सितंबर तक चलेगी। 25 सितंबर को जिला मुख्यालय में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन होगा। उसके बाद भी कार्रवाई न होने पर 4 अक्तूूबर को देहरादून में विशाल महारैली और 9 से कार्य बहिष्कार शुरू हो जाएगा।