नैनीताल। डीएसबी परिसर कर्मचारी संघ की बैठक में परिसर के कर्मियों की लंबित मांगों पर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर रोष जताया गया। तय किया गया कि नौ अगस्त को मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा होने के बाद आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से चतुर्थ श्रेणी से तृतीय श्रेणी में कर्मियों की पदोन्नति नहीं हो पाई है, संविदा कर्मियों को भी उचित मानदेय नहीं मिल पा रहा है। नौ अगस्त को दोपहर एक बजे से होने वाली आम सभा में सभी कर्मियों से हिस्सा लेने को कहा गया है। अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष दिनेश चंद्र आर्य और संचालन महासचिव गणेश सिंह बिष्ट ने किया। बैठक में कुंवर सिंह बिष्ट, हरीश राम, नरोत्तम बहुगुणा, गोपाल कपिल, मनीष कुमार, जगत सिंह कफलिया, नंदा बल्लभ पालीवाल, प्रकाश पाठक, पुष्पा बिष्ट, रीता लोहनी आदि ने विचार रखे।