गरुड़ (बागेश्वर)। प्रशासनिक टीम ने गोमती नदी में छापा मारकर अवैध तरीके से एकत्र किया गया भारी मात्रा में रेता जब्त किया। टीम रेता को ट्रक में लदवाकर तहसील मुख्यालय ले आई। एसडीएम ने अवैध खनन करने वालों को चेतावनी दी है कि यदि कोई चुगान करता पकड़ा गया तो खनन एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम सुंदर सिंह के नेतृत्व में सोमवार को राजस्व पुलिस और रेगुलर पुलिस की टीम दोपहर में बैजनाथ मंदिर के पास गोमती नदी में पहुंची। जांच के दौरान पुल के नीचे भारी मात्रा में रेता एकत्र किया हुआ मिला, जिसे टीम ने जब्त कर लिया। प्रशासन की टीम रेता को ट्रक में भरकर तहसील मुख्यालय ले आई।
एसडीएम ने बताया कि बैजनाथ पुल के आसपास रेता का चुगान करने से पुल और आबादी को हो सकता है। उन्होंने बताया कि खनन पर सरकार ने पूर्णतया रोक लगा रखी है। यदि कोई चुगान करता पकड़ा गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। टीम में थानाध्यक्ष मदन लाल, कानूनगो भुवन वर्मा, पटवारी खीम गिरी, मदन सिंह बिष्ट आदि थे।