खटीमा। स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनाए जा रहे शौचालयों की जांच का सिलसिला शासन स्तर से शुरू हो चुका है। झारखंड से यहां पहुंची टीम को जिले में तीन दिन प्रशिक्षण देने के बाद ब्लॉक में भेजा गया है। इस टीम को 27 जुलाई को एक दिनी प्रशिक्षण ब्लॉक सभागार में दिया गया है।
शौचालयों और मध्याह्न योजना में खर्च का ऑडिट शुरू
झारखंड से पहुंची टीम को जिला मुख्यालय के बाद ब्लॉक में दिया प्रशिक्षण
टीम को बताया गया कि शौचालयों के साथ ही मिड-डे-मील में हुए खर्च का आडिट किन-किन बिंदुओं से करेगी। इस कार्य में से 10 ग्रामसभाओं को लिया गया है। बीडीओ एचसी जोशी ने बताया कि वर्ष 2016-17 में जिन ग्रामसभाओं में शौचालय निर्माण के नाम पर अधिक व्यय हुआ है। उन्हीं ग्रामसभाओं में टीम आडिट करेगी।
इसके लिए टीम को पूरे रिकार्ड उपलब्ध कराए गए हैं। 10 सदस्यीय टीम में एक मनरेगा मजदूर, रोजगार सेवक, ग्राम विकास अधिकारी भी शामिल हैं। बीडीओ जोशी ने बताया कि ग्रामसभा अमाऊं, सरपुड़ा-बग्घा, सबौरा, फुलैया, बंडिया, चांदा, गांगी, भूड़ महोलिया, दियां, एवं उमरूखुर्द को आडिट के लिए चुना गया है।