खटीमा। नगर सीमा के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित लाभार्थियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि उन्हें पहली किश्त मिलने के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना की शेष राशि नहीं मिल रही है।
भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला महामंत्री जीशान अहमद के नेतृत्व में लगभग 12 लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना की शेष राशि नहीं मिलने की शिकायत की। आवास योजना से वंचित लाभार्थियों ने एसडीएम विजयनाथ शुक्ल को बताया कि उन्हें मार्च 2017 में प्रथम किश्त बीस हजार रुपये दिए गए थे। उसके बाद दूसरी किश्तें नहीं मिली।
लाभार्थियों ने बताया कि वह अपना पुराना आवास तोड़कर नए सिरे से निर्माण करा रहे थे लेकिन नगरपालिका से शेष रकम नहीं दी जा रही है। आवास योजना से वंचित लोगों ने बताया कि उनके साथ नगरपालिका परिषद द्वारा धोखा किया है। उन्होंने अविलंब उचित कार्रवाई कर द्वितीय किश्त दिलाने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में शाहिद अली, राशिद अली, रेहाना, कल्लू, हनीफ, परवेज, नासिम, अमीनुल्ला, भगवती, रजिया आदि थे।