सुल्तानपुर पट्टी। गांव सरकड़ा मार्ग निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जनप्रतिनिधियों पर अनदेखी करने का आरोप लगाया। चार किमी मार्ग निर्माण के लिए ग्राम पंचायत प्रस्ताव भेज चुकी है। शुक्रवार को ग्रामीणों ने सड़क पर सड़क निर्माण को लेकर प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व सीएम एनडी तिवारी के कार्यकाल में गांव सरकड़ा मार्ग का निमार्ण किया गया था। उसके बाद किसी जनप्रतिनिधि ने सड़क की ओर ध्यान नहीं दिया। वर्तमान में सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इससे ग्रामीणों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सरकड़ा मार्ग से गांव हाथीकुंडा, रतनपुरा, रामजीवनपुर, कोसी कांटा ग्रामीणों का आना जाना रहता है। चुनाव के दौरान नेताओं ने सड़क निर्माण कराने के वादे किए थे।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार को खूब कोसा। वहां नासिर, प्रेम, नाजिर, जाहिद, अहमद हसन आदि थे। इधर, प्रधान जाहिद हुसैन ने बताया कि वह सड़क निर्माण के मामले कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य, अरविंद पांडे के समक्ष रख चुके हैं। उन्होंने सड़क निर्माण कराने का वादा तो किया है, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई।