बाजपुर। बरहैनी-बन्नाखेड़ा मार्ग पर अस्थायी पुल धराशायी होने पर कंपनी ने पाइप डालकर अस्थाई पुल बनाया। जिससे स्कूल जाने के लिए बच्चों को राहत मिलेगी। बता दें कि बरहैनी से बन्नाखेड़ा मार्ग चनकपुर नाले पर बना अस्थायी पुल पिछली बारिश में धराशायी हो गया था।
जिससे गांव बन्नाखेड़ा, खंबारी, सिहाली, समेत कई गांव के लोगों का सीधा संपर्क कट गया था। जिस कारण बन्नाखेड़ा क्षेत्र के ग्रामीणों को बरहैनी जाने के लिए बाजपुर होकर 10 किमी अधिक दूरी तय करनी पड़ रही थी। खासकर स्कूली बच्चों को भारी दिक्कत हो रही थी। लोगों ने एसडीएम और क्षेत्रीय विधायक और कैबिनेट मंत्री को समस्या से अवगत कराया था।
सोमवार को स्थायी पुल निर्माण कर रही कंपनी ने क्षेत्रीय जनता और स्कूली बच्चों की दिक्कत को देखते हुए पाइप डालकर अस्थायी पुल बना दिया। मंगलवार को मिट्टी भराव होने के बाद अस्थायी पुल से लोगों का आना जाना शुरू हो जाएगा।