हल्द्वानी/नैनीताल। उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा परिषद की ओर से रविवार को पालीटेक्निक में प्रवेश के लिए हल्द्वानी और नैनीताल में आयोजित प्रवेश परीक्षा में 2409 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2193 अभ्यर्थियों ने प्रवेश परीक्षा दी। 216 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा नहीं लिया।
शैक्षिक सत्र 2019-20 में इंजीनियरिंग और फार्मेसी ग्रुप के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा संपन्न कराने को हल्द्वानी में चार और नैनीताल में एक परीक्षा केंद्र बनाया गया था। प्रवेश परीक्षा दो अलग अलग पालियों में हुई। हल्द्वानी जोन के जोनल अधिकारी नवनीत मिश्रा ने बताया कि हल्द्वानी में एमबी इंटर कॉलेज, निर्मला कान्वेंट स्कूल और खालसा नेशनल बालिका इंटर कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केंद्रों में इंजीनियरिंग ग्रुप में 1210 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी जबकि 134 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इसी तरह फार्मेसी ग्रुप में 486 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 48 ने परीक्षा छोड़ दी।
नैनीताल राजकीय पॉलीटेक्निक में बनाए गए केंद्र की जानकारी देते हुए जोनल अधिकारी भास्कर भट्ट एवं केंद्र अधीक्षक गिरीश वर्मा ने बताया कि इंजीनियरिंग ग्रुप में 341 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 30 अनुपस्थित रहे। जबकि फार्मेसी ग्रुप में 156 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और चार अनुपस्थित रहे। बताया कि सोमवार को नैनीताल परीक्षा केंद्र में लेटरल एंट्री की प्रवेश परीक्षा होगी, इसमें 123 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
216 अभ्यर्थियों ने छोड़ी पॉलीटेक्निक की प्रवेश परीक्षा
इंजीनियरिंग और फार्मेसी में 2409 ने किया था आवेदन