हल्द्वानी। बाएं हाथ की तर्जनी उंगली पर लगी नीली स्याही लोकतंत्र के उत्सव में आधी आबादी के लिए नया शृंगार बन गया। गांव हो या शहर, वीआईपी इलाका हो या फिर मलिन बस्ती, सभी जगह महिलाओं का उत्साह देखते ही बना। टोलियां बनाकर घर से निकली महिलाएं पड़ोसियों को भी मतदान के लिए प्रेरित करतीं बूथ तक पहुंचीं। कुछ सुबह ही वोट डाल आईं तो अधिकतर 11 बजे तक कामकाज निपटाकर निकलीं।
सुभाषनगर के प्राइमरी पाठशाला स्थित मतदान केंद्र पर मंजू भंडारी, कल्पना पटवाल, सोनी पटवाल, जया बिष्ट, हेमा लटवाल, प्रीतम कोहली एक साथ वोट देने पहुंचीं। बोलीं, लोस चुनाव में अपना वोट देकर एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई है। देश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाना है। महंगाई, भ्रष्टाचार से मुक्ति पानी है इसलिए परिवार की राय से नहीं, बल्कि अपने मन से वोट किया। मंजू भंडारी ने बताया कि उनके बच्चे जर्मनी में हैं, वे इस उत्सव से वंचित रह गए। चुनाव आयोग को चाहिए कि देश से बाहर रहने वाले लोगों के लिए भी मतदान की व्यवस्था करे, ताकि देश के सभी नागरिक अपने नेता को चुन सकें। नैनीताल रोड स्थित मतदान केंद्र पर पिंकी शारदा परिजनों के साथ वोट डालने आईं। कहा पूरे परिवार ने एक ही पार्टी और एक ही प्रत्याशी को वोट किया।
उंगली पर स्याही का निशान शृंगार बन गया
महिला वोटरों ने उत्साह से डाले वोट, कोई ग्रुप के साथ पहुंचीं तो कोई परिवार के साथ
पहले पूजा फिर मतदान
हल्द्वानी। पटेल चौक निवासी नवीन चंद्र पांडे और उमेश चंद्र पांडे परिवार सहित मां शीतला देवी के दरबार में पहुंचे। उन्होेंने बताया कि मां के दर्शन के बाद मतदान करने जाएंगे। अपने पसंदीदा प्रत्याशी की जीत के लिए वह मां से दुआ भी करेंगे।